कुआलालंपुर में रविवार को हुए 47वें आसियान समिट (ASEAN Summit 2025) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली शामिल होकर एक सशक्त संदेश दिया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “भारत हर संकट में अपने मित्र देशों के साथ मजबूती से खड़ा है.” प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए बधाई दी और कहा कि आसियान भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का सबसे अहम स्तंभ है.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक चौथाई जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं. दोनों सिर्फ भौगोलिक रूप से नहीं बल्कि साझा इतिहास, मूल्यों और सहयोग की भावना से भी गहराई से जुड़े हैं. उन्होंने इसे “ग्लोबल साउथ का साझा सफर” बताया.

