इंदौर, सितम्बर 2025।


मॉडर्न डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, इंदौर में इस वर्ष भी गणेश उत्सव बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। कॉलेज परिसर में भगवान गणेश की प्रतिमा का विधिवत स्थापना पूजन किया गया, जिसमें कॉलेज के प्रवंधन समिति के सदस्यों, डीन, संकाय सदस्य, छात्र-छात्राएं और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण और वेद मंत्रों के उच्चारण से हुई। इसके बाद भगवान श्री गणेश की आरती और भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें गणेश वंदना, नृत्य और भक्ति गीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
पूरे परिसर में भक्ति, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति ने बताया कि यह उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि यह छात्रों और शिक्षकों को एक साथ जोड़ने का माध्यम भी है।
गणेश उत्सव के अंतर्गत पूरे सप्ताह तक विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें यज्ञ, आरती, सामूहिक भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल रहेंगी। समापन अवसर पर गणेश विसर्जन शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।
कॉलेज प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद व्यक्त किया और आशा जताई कि भगवान गणेश की कृपा से सभी को ज्ञान, स्वास्थ्य और सफलता की प्राप्ति हो।
