
मानपुर। परम पूज्य कीमती कांतिदेवी परमार्थिक न्यास के तत्वावधान में मानपुर में विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 500 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर आँवला, नीम, आम, अमरूद, चीकू सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। वृक्षारोपण जैसे जनसहभागिता आधारित अभियान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री धर्मेंद्र सिंह भदौरिया, श्री राकेश सिंह धाकरे, श्री विनोद सिंह धाकरे, श्री सूर्यांश सिंह भदौरिया, श्री अजय सिंह धाकरे, श्री काशी शुक्ला, श्रीमती रेखा सिंह धाकरे, श्रीमती माधुरी धाकरे, श्रीमती सीमा सिंह भदौरिया, श्रीमती सरिता शुक्ला एवं सोनाक्षी सिंह सहित 100 से अधिक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया।
इस अवसर श्री धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका पालन-पोषण करे, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण का लक्ष्य भी साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
