
एलएनसीटी विश्वविद्यालय, इंदौर के अंतर्गत संचालित सेफ इंस्टीट्यूशन ऑफ नर्सिंग कॉलेज द्वारा दिनांक 28 से 30 जून 2026 तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत सिविल हॉस्पिटल, नंदा नगर, इंदौर में आयोजित पल्स पोलियो कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की गई। इस अवसर पर बी.एससी. नर्सिंग 7वें सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई तथा उनके अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन एवं नियमित टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पाँच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुँचाना तथा समाज में पोलियो उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था। विद्यार्थियों ने अभिभावकों को प्रत्येक पल्स पोलियो खुराक के महत्व, बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण तथा पूर्ण टीकाकरण की आवश्यकता के संबंध में जानकारी प्रदान की।
यह कार्यक्रम सेफ इंस्टीट्यूशन ऑफ नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या डॉ. पिंकी श्रीवास्तव (ठाकुर) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में श्रीमती अनामिका मिश्रा एवं श्रीमती वंदना पाटोंदा, सहायक प्राध्यापक, के निर्देशन में विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सिविल हॉस्पिटल, नंदा नगर के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी जनस्वास्थ्य से जुड़े राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज को “दो बूंद जिंदगी की” संदेश के साथ पोलियो-मुक्त भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
