
इंदौर क्षेत्र की विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में स्व. लक्ष्मण सिंह गौड़ की पुण्य स्मृति में सेवा कुंज अस्पताल एवं एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज द्वारा इंदौर में एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन राजमोहल्ला इंदौर में किया गया।
इस चिकित्सा शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ एवं नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं सामान्य जन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना रहा।
शिविर के दौरान गर्भावस्था एवं महिला रोगों की जांच, बच्चों की बीमारियों का परीक्षण, हड्डी एवं जोड़ों से संबंधित परामर्श, सामान्य रोगों की जांच, नेत्र परीक्षण, स्वास्थ्य परामर्श तथा आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर का लाभ उठाया।
इस अवसर पर विनोद मुदगल एवं डॉ. ज्योति ठाकुर की विशेष उपस्थिति एवं सक्रिय सहयोग रहा। चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ ने समर्पित भाव से सेवाएं प्रदान कीं।
विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा कि स्व. लक्ष्मण सिंह गौड़ की पुण्य स्मृति में आयोजित यह चिकित्सा शिविर समाज सेवा की भावना का प्रतीक है। भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
यह आयोजन जनसेवा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
